Summer express/मंडी, धर्मवीर- :पंडोह के साथ लगती ग्राम पंचायत स्योग में आयोजित आठ दिवसीय माता त्रिपुरी भैरवा मेले का सोमवार शाम विधिवत समापन हो गया। समापन समारोह में मंडी लोकसभा क्षेत्र से पूर्व प्रत्याशी एवं युवा नेता आश्रय शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने माता त्रिपुरी भैरवा मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें स्थानीय देवी-देवताओं के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। लोग ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाचते-गाते नजर आए।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए आश्रय शर्मा ने मेला कमेटी को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मंडी सदर में हुए विकास कार्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पंडित सुखराम और सदर विधायक अनिल शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मंडी शहर को करीब आठ वर्ष पहले ही 24 घंटे पानी की सुविधा मिल चुकी है, जबकि आज शिमला शहर में इस योजना को लेकर कार्य चल रहा है।आश्रय शर्मा ने कहा कि पंडोह डैम का निर्माण स्व. पंडित सुखराम के कार्यकाल में हुआ था। वहीं, अब थाना पलौन परियोजना का कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि विधायक अनिल शर्मा ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी है और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद उन्होंने कभी अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया।उन्होंने कहा कि मंडी कॉलेज को जल्द नया भवन मिलने जा रहा है। वहीं, जोनल अस्पताल में चिकित्सकों की कमी को लेकर उन्होंने प्रदेश सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार करने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि दिल्ली दौरे के कारण विधायक अनिल शर्मा मेले में शामिल नहीं हो सके। विधायक की ओर से मेला कमेटी को 21 हजार रुपये और महिला मंडलों को 15 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।ग्राम पंचायत स्योग के प्रधान नरेंद्र शर्मा ने मेले के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मेले क्षेत्र की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की धरोहर हैं तथा अगले वर्ष इसे और भव्य रूप देने का प्रयास किया जाएगा।