summer express , मेरठ। पल्लवपुरम फेज-दो स्थित आकांक्षा एंबिएंस कॉलोनी के पास मंगलवार को मलजल शोधन संयंत्र (STP) में क्लोरीन गैस के रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस की तेज गंध फैलने के बाद आसपास रहने वाले लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई परिवार बच्चों और बुजुर्गों को लेकर घरों से बाहर निकल आए। गैस के संपर्क में आने से कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने की भी सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों से एहतियात के तौर पर मास्क या कपड़े से मुंह ढककर रखने और घरों के अंदर रहने की अपील की। इस दौरान आसपास के इलाकों में लोग काफी देर तक दहशत में रहे।
नगर आयुक्त सौरभ गंगवार ने बताया कि STP में लगे क्लोरीन सिलेंडर के वॉल्व में रिसाव होने के कारण गैस बाहर निकलने लगी थी। सूचना मिलने के बाद जलकल विभाग और दौराला ऑर्गेनिक की टीम ने मौके पर पहुंचकर संयंत्र का निरीक्षण किया और रिसाव को बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और अधिकारियों की टीम मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर रख रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गैस की तेज गंध के साथ आंखों में जलन होने लगी थी। इससे लोगों में डर का माहौल बन गया। कई परिवार एहतियात के तौर पर घरों में ताला लगाकर सुरक्षित स्थानों की ओर चले गए और देर रात वापस लौटे। वहीं कुछ लोगों ने पूरी रात रिश्तेदारों के घर रुकना उचित समझा। अधिकारियों के मुताबिक गैस रिसाव का स्रोत बंद कर दिया गया है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।