summer express ,रोहतक। जिले के गांव बहुअकबरपुर के पास काहनौर हेड पर नहर में डूबे करीब 23 वर्षीय युवक का शव अगले दिन बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान बहुअकबरपुर निवासी राकेश उर्फ गोलू के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस भेज दिया।
जानकारी के अनुसार राकेश शाम अपने दोस्तों प्रवेश और अजय के साथ नहर पर नहाने के लिए गया था। तीनों नहर में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से राकेश पानी में बह गया और डूब गया। उसके दोस्तों ने तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और युवक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और नहर में सर्च अभियान चलाया गया। रातभर ग्रामीणों और पुलिस की ओर से तलाश की गई, लेकिन राकेश का कोई पता नहीं चल सका।
अगले दिन दोपहर सर्च अभियान के दौरान नहर से राकेश का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस भिजवा दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि युवक के नहर में डूबने की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया था। नहर से युवक का शव बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।