summer express, रेवाड़ी। गढ़ी बोलनी रोड पर रात गोवंश तस्करी का मामला सामने आया है। पुलिस और गोरक्षक दल की टीम ने पीछा कर तीन गोवंशियों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया। बताया जा रहा है कि तस्करों की गाड़ी को रोकने के लिए रास्ते में कांटे डाले गए थे, जिससे वाहन के टायर पंचर हो गए। इसके बावजूद तस्कर गाड़ी रोकने के बजाय पंचर वाहन को ही करीब तीन किलोमीटर तक दौड़ाते रहे।
जानकारी के अनुसार, डवाना लालपुर गांव के ग्रामीणों ने रात करीब 12:30 बजे पुलिस को सूचना दी थी कि कुछ लोग गाड़ी में गोवंशियों को लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम के साथ गोरक्षक दल के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और आसपास के गांवों में तस्करों की तलाश शुरू की गई।
इसी दौरान कोनसीवास गांव के पास पुलिस और गोरक्षक दल की टीम को संदिग्ध वाहन दिखाई दिया। तस्करों को रोकने के लिए सड़क पर कांटे डाले गए। इससे गाड़ी के टायर पंचर हो गए, लेकिन तस्करों ने वाहन नहीं रोका। वे पंचर गाड़ी को ही चलाते हुए कोनसीवास से पदैयावास की ओर भागने लगे।
पुलिस और गोरक्षक दल की टीम ने उनका पीछा जारी रखा। करीब तीन किलोमीटर बाद पदैयावास गांव के पास टीम तस्करों के करीब पहुंच गई। इस दौरान तस्करों की ओर से पुलिस और गोरक्षक दल की टीम पर दो बार फायरिंग किए जाने का दावा किया गया है। हालांकि टीम ने पीछा नहीं छोड़ा।
पुलिस के करीब पहुंचने पर पकड़े जाने के डर से तस्करों ने चलती गाड़ी से तीन गोवंशियों को नीचे फेंक दिया। टीम ने तीनों गोवंशियों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर मुक्त कराया। इसके बाद तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने तस्करों की गाड़ी को कब्जे में ले लिया है। कसौला थाना पुलिस अब वाहन के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस घटना के दौरान फायरिंग किए जाने के दावे समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।