summer express ,अहमदाबाद। IndiGo ने घरेलू उड़ानों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए कुछ सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की है। एयरलाइन ने दो साल से कम उम्र के बच्चों के किराए में 1,000 रुपये का इजाफा किया है। अब गोद में बच्चे को लेकर यात्रा करने वाले माता-पिता को 2,000 रुपये के बजाय 3,000 रुपये चुकाने होंगे। हालांकि, दो साल से कम उम्र के शिशुओं के लिए अलग सीट नहीं दी जाती है, लेकिन टिकट बुकिंग के दौरान उनकी जानकारी देना जरूरी होता है।
एयरलाइन के मुताबिक, देश में हर साल 10 लाख से अधिक शिशु अपने माता-पिता के साथ हवाई यात्रा करते हैं। IndiGo रोजाना करीब 1,850 घरेलू उड़ानों का संचालन करती है। किराए में बढ़ोतरी के बाद कंपनी को सालाना करीब 90 करोड़ रुपये अतिरिक्त राजस्व मिलने का अनुमान बताया जा रहा है।
शिशु किराए के अलावा एयरलाइन ने अतिरिक्त सामान यानी Excess Baggage के शुल्क में भी वृद्धि की है। घरेलू उड़ानों में निर्धारित सीमा से अधिक सामान ले जाने पर अब यात्रियों को 700 रुपये प्रति किलोग्राम के बजाय 800 रुपये प्रति किलोग्राम भुगतान करना होगा। उदाहरण के तौर पर, यदि कोई यात्री 5 किलोग्राम अतिरिक्त सामान लेकर यात्रा करता है तो उसे 4,000 रुपये शुल्क देना होगा।
इसके अलावा अकेले यात्रा करने वाले बच्चों, प्राथमिकता चेक-इन और बोर्डिंग तथा ट्रैवल सर्टिफिकेट जैसी सेवाओं के शुल्क में भी बदलाव किया गया है। अकेले यात्रा करने वाले बच्चे की सेवा का शुल्क 5,000 रुपये से बढ़कर 5,999 रुपये हो गया है। प्राथमिकता चेक-इन और बोर्डिंग के लिए अब 650 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह शुल्क 450 रुपये था।
वहीं, ट्रैवल सर्टिफिकेट का शुल्क 200 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये कर दिया गया है। एयरलाइन की ओर से किए गए इन बदलावों का सीधा असर घरेलू हवाई यात्रा के दौरान अतिरिक्त सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों के खर्च पर पड़ेगा।