summer express , फरीदकोट। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 10 पिस्टल बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हथियारों की यह खेप ड्रोन के जरिए सीमा पार से पंजाब पहुंचाई गई थी।
जानकारी के मुताबिक, फरीदकोट पुलिस की टीम इलाके में गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी गिरोह पड़ोसी देश से ड्रोन के माध्यम से हथियार मंगवाकर उनकी सप्लाई कर रहा है। सूचना में बताया गया कि तीन व्यक्ति बड़ी संख्या में हथियार लेकर मॉडर्न केंद्रीय जेल फरीदकोट के आसपास पैदल घूम रहे हैं।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि आरोपी इन हथियारों का इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने या आगे किसी अन्य व्यक्ति तक पहुंचाने की तैयारी में थे। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को काबू कर लिया और तलाशी के दौरान उनके पास से 10 पिस्टल बरामद किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर साहिब निवासी राजबीर सिंह उर्फ अमित पुत्र भूपेंद्र सिंह, अमर सिंह उर्फ अमर पुत्र अमरीक सिंह और दीप सिंह उर्फ दीपक के रूप में हुई है। मामले में थाना सिटी फरीदकोट में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हथियारों की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से मंगवाए गए थे, सीमा पार से इनकी खेप किस माध्यम से पहुंचाई गई और इन्हें आगे किसे सौंपा जाना था। इसके अलावा पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।