summer express ,बेंगलुरु। कर्नाटक के विजयपुरा जिले में बुधवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल नेचुरल डिजास्टर मॉनिटरिंग सेंटर (KSNDMC) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.5 दर्ज की गई। कम तीव्रता के इस भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के मुताबिक, भूकंप सुबह करीब 2:04 बजे आया। इसका केंद्र जमीन के करीब 10 किलोमीटर नीचे था। भूकंप का केंद्र बसवना बागेवाड़ी से लगभग 3.9 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था।
KSNDMC के अनुसार, भूकंप का केंद्र हुनाश्याल ग्राम पंचायत से करीब 7.8 किलोमीटर पश्चिम और हुविना हिप्परगी से लगभग 11.2 किलोमीटर पश्चिम में था। वहीं, यह अलमट्टी बांध से करीब 31 किलोमीटर उत्तर-पूर्व और विजयपुरा शहर से लगभग 38 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।
एजेंसी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता कम होने के बावजूद इसके झटके केंद्र से करीब 50 से 60 किलोमीटर के दायरे में महसूस किए जाने की संभावना है। हालांकि, कम तीव्रता के कारण किसी प्रकार के संरचनात्मक नुकसान की आशंका नहीं जताई गई है।
KSNDMC के निदेशक ने लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार, यह क्षेत्र सिस्मिक जोन-III में आता है। टेक्टोनिक मैप के आधार पर भी क्षेत्र में इस स्तर के भूकंप से बड़े नुकसान की आशंका नहीं है।