Summer express/हमीरपुर, अरविंद-: एनआईटी हमीरपुर में फर्जी पहचान पत्र के सहारे प्रवेश करने और हॉस्टल में चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। हॉस्टल वार्डन ने एक युवक को चोरी करते हुए पकड़ लिया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 21 हजार रुपये की नकदी समेत चोरी किया गया अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान आदित्य चौधरी निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी मंडी जिले के एक शिक्षण संस्थान में बीएससी कंप्यूटर का छात्र है। वह परीक्षा देने के लिए 28 सितंबर को मंडी पहुंचा था। परीक्षा के बाद 29 सितंबर को हमीरपुर आया और कथित तौर पर फर्जी आईडी का इस्तेमाल कर एनआईटी परिसर में प्रवेश कर गया।आरोप है कि परिसर में पहुंचने के बाद युवक हॉस्टल में गया और खुले कमरों को निशाना बनाकर वहां रखी नकदी तथा अन्य सामान चोरी करने लगा। इसी दौरान हॉस्टल वार्डन की नजर उस पर पड़ गई और उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ऑनलाइन गेमिंग में पैसे गंवा चुका था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने के पीछे आर्थिक नुकसान की भरपाई करने की मंशा थी या नहीं।पुलिस अधीक्षक हमीरपुर बलवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को चोरी के सामान के साथ एनआईटी हमीरपुर में पकड़ा गया। आरोपी मंडी के एक शिक्षण संस्थान का छात्र है और परीक्षा देने के बाद हमीरपुर पहुंचा था। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है तथा आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।