Summer express/शिमला, संजू- : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिमला में 108.16 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक रिज मैदान में 66.81 करोड़ रुपये की लागत से किए गए सुधार एवं स्थिरीकरण कार्यों का लोकार्पण किया।रिज मैदान में किए गए इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य धंसने की समस्या का समाधान करने के साथ क्षेत्र को मजबूती प्रदान करना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने श्री गुरुद्वारा साहिब के समीप पुराने बस अड्डे के पास 6.85 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों को सुविधा मिलने के साथ क्षेत्र में पार्किंग की समस्या कम होने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बालूगंज के समीप पशु पड़ाव में शिमला नगर निगम कर्मचारियों के लिए 34.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय परिसर की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शिमला की विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी विशिष्ट पहचान है और इसकी प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखते हुए शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने पर्याप्त बजट का प्रावधान किए बिना कई परियोजनाओं के केवल शिलान्यास किए, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने लंबित परियोजनाओं को पूरा करने के लिए आवश्यक बजट उपलब्ध करवाया है।
उन्होंने कहा कि शिमला में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सर्कुलर रोड को डबल लेन किया जा रहा है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार सब्जी मंडी में 600 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर रही है। इसके अलावा छोटा शिमला से सीटीओ तक 150 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत यूटिलिटी डक्ट्स का निर्माण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार शिमला के समग्र और व्यवस्थित विकास के लिए लगातार कदम उठा रही है। इसका उद्देश्य शहर की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित रखने के साथ स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।