summer express,चंबा (मंजर पठान)। चंबा जिले के सबसे ऊंचाई वाले साचपास मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। पिछले दो दिनों से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रुक-रुक कर हो रही हल्की बर्फबारी के कारण साचपास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग की मशीनरी की मदद से मार्ग को दोनों तरफ से यातायात के लिए खोल दिया गया।
मार्ग बहाल होने के बाद अब साचपास से होकर सभी प्रकार के वाहन गुजर सकेंगे। हालांकि, क्षेत्र में मौसम के अचानक बदलने की संभावना को देखते हुए चुराह प्रशासन ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर बाद, शाम और देर रात साचपास मार्ग पर सफर करने से बचने की सलाह दी है।
प्रशासन के अनुसार साचपास में मौसम अचानक करवट ले सकता है और बर्फबारी शुरू होने की स्थिति में सड़क दोबारा अवरुद्ध हो सकती है। ऐसे में मार्ग पर यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने और एहतियात बरतने की अपील की है।
उपमंडल चुराह के एसडीएम राजेश कुमार जरियाल ने बताया कि बर्फबारी के कारण साचपास मार्ग बंद हो गया था। लोक निर्माण विभाग की मशीनरी के जरिए मार्ग को साफ कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मार्ग पर यातायात शुरू हो गया है, लेकिन मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतना जरूरी है।
एसडीएम ने कहा कि साचपास क्षेत्र में मौसम कभी भी अचानक खराब हो सकता है। ऐसे में शाम और देर रात यात्रा करने से लोगों को बचना चाहिए, ताकि बर्फबारी के कारण मार्ग बंद होने की स्थिति में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।