Summer express, अमृतसर। पंजाब में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव के आसार हैं। मौसम विभाग ने 14 और 15 अक्टूबर को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और अन्य क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम में बदलाव के चलते राज्य के तापमान में भी हल्की गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग की ओर से मंगलवार शाम जारी बुलेटिन के अनुसार, पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 1.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि, अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। वहीं, औसत न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जिसके बाद यह सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान फरीदकोट में 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पठानकोट में 16.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 अक्टूबर को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, पटियाला, संगरूर, बरनाला, मोगा, फरीदकोट, फिरोजपुर और तरनतारन के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आंधी चलने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
15 अक्टूबर को भी मौसम का यही मिजाज बने रहने का अनुमान है। पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, होशियारपुर, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। इसके अलावा पटियाला, संगरूर, बरनाला, मोगा, फरीदकोट, फिरोजपुर और तरनतारन में येलो अलर्ट रहेगा। मौसम विभाग ने इन जिलों में भी तेज हवाओं और खराब मौसम की आशंका जताई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, 16 और 17 अक्टूबर को राज्य में किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इस अवधि में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम होने और मौसम सामान्य रहने की संभावना है।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.8 और न्यूनतम 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में अधिकतम तापमान 30.9 और न्यूनतम 18.5 डिग्री रहा। लुधियाना में अधिकतम तापमान 32.6 और न्यूनतम 19.0 डिग्री, जबकि पटियाला में अधिकतम 32.9 और न्यूनतम 19.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।