Summer express बीड। महाराष्ट्र के बीड जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने रिश्वतखोरी के मामले में एक शिक्षा अधिकारी और एक सहायक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक स्कूल के प्रधानाध्यापक से जांच में अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एसीबी के अनुसार, कैज तहसील के एक उच्च प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत 57 वर्षीय प्रधानाध्यापक को अगस्त में शालार्थ वेतन भुगतान प्रणाली के माध्यम से ऑनलाइन बिलिंग में कथित अनियमितताओं को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी ने नोटिस जारी किया था। मामले की जांच के लिए एक शिक्षा विस्तार अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
शिकायत के मुताबिक, प्रधानाध्यापक 9 अक्टूबर को जांच अधिकारी से मिले थे। इस दौरान अधिकारी ने कथित तौर पर जांच में अनुकूल रिपोर्ट देने के बदले उनसे 40 हजार रुपये की मांग की। रिश्वत देने से इनकार करते हुए प्रधानाध्यापक ने बुधवार को एसीबी की जालना इकाई में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने कैज खंड शिक्षा कार्यालय में जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान जिला परिषद के एक स्कूल में तैनात 50 वर्षीय सहायक शिक्षक को कथित तौर पर 20 हजार रुपये की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। बताया गया कि शिक्षक शिक्षा विस्तार अधिकारी के निर्देश पर प्रधानाध्यापक से यह रकम ले रहा था।
एसीबी ने मामले में शिक्षा विस्तार अधिकारी और सहायक शिक्षक, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।