Summer express/मंडी /धर्मवीर- :मंडी जिला के सुंदरनगर उपमंडल के तहत आने वाले ऐहन गांव में कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों की शुरूआत हो गई है। आज सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से इसका विधिवत शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों के विस्तार से पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त होंगे। इसके साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार ने कोल डैम जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं को देखते हुए यहां साहसिक जल क्रीड़ा गतिविधियों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और वॉटर स्पोर्ट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर पूर्व मुख्य संसदीय सचिव सोहन लाल ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच आज धरातल पर साकार हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन गतिविधियों के शुरू होने से क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि होगी।डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि इस पहल के तहत पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि ऐहन से ततापानी की दूरी मात्र 45 मिनट में जलमार्ग से तय की जा सकेगी।