Summer express, हिसार। शहर के व्यस्त डाबड़ा चौक स्थित एक होटल में रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मोबाइल चोरी के आरोप को लेकर हुए विवाद के बीच होटल मालिक दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। हादसे में होटल मालिक सचिन (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, रात होटल की दूसरी मंजिल पर कुछ युवक पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान पार्टी में शामिल एक युवक का मोबाइल फोन गायब हो गया। युवकों ने मोबाइल चोरी होने का शक होटल मालिक सचिन पर जताया। इस बात को लेकर होटल मालिक और युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद काफी देर तक चलता रहा और मामला बढ़ने पर युवकों ने पुलिस की आपातकालीन सेवा डायल 112 पर कॉल कर दी।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान होटल मालिक सचिन अचानक दूसरी मंजिल से नीचे कूद गया। उसके नीचे गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। युवकों और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान होटल की छत पर बीयर की बोतलें भी पड़ी मिलीं। पुलिस ने पार्टी में शामिल युवकों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। फिलहाल मोबाइल चोरी के आरोप और विवाद के कारणों की जांच की जा रही है।
अर्बन एस्टेट थाना प्रभारी विकास के अनुसार, पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल होटल मालिक की चिकित्सकीय स्थिति में सुधार होने और डॉक्टरों से बयान देने के लिए फिट घोषित किए जाने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही घटना के सभी पहलुओं की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।