Summer express,पटियाला । पटियाला में झपटमारों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला शहर के सेचरी एन्क्लेव से सामने आया है, जहां मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात युवकों ने घर के बाहर एक महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। वारदात घर के ठीक सामने हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, महिला अपने घर के बाहर मौजूद थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों ने अचानक उसके गले से सोने की चेन छीन ली। महिला और परिवार के सदस्यों ने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों तेज रफ्तार मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने में कामयाब रहे।
परिवार के सदस्यों का दावा है कि झपटमारी की पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दोनों आरोपी साफ दिखाई दे रहे हैं। परिवार ने पटियाला पुलिस और प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करे और उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।