Summer express, अंबाला। अंबाला छावनी में देर रात हाथी खाना मंदिर के महंत के साथ कथित अभद्रता का मामला सामने आने के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घटना से नाराज श्रद्धालुओं, शिव भक्तों और स्थानीय लोगों ने डॉग लवर वंशिका लाम्बा के खिलाफ प्रदर्शन किया और हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी का घेराव कर कार्रवाई की मांग उठाई। देर रात तक चले इस विरोध प्रदर्शन में कई साधु-संत भी शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले हाथी खाना मंदिर परिसर में रहने वाले आवारा कुत्ते के पिल्लों को मंदिर प्रबंधन ने वहां से हटवाकर किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वंशिका लाम्बा और मंदिर के महंत के बीच विवाद हो गया। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों का आरोप है कि वंशिका ने महंत के साथ तीखी बहस करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इस घटना की जानकारी फैलने के बाद मंदिर से जुड़े श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।
रात बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई की मांग को लेकर हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने वंशिका लाम्बा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुलिस से सख्त कदम उठाने की मांग की। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने वंशिका को भी चौकी में बातचीत के लिए बुलाया, ताकि दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाया जा सके। हालांकि, बातचीत के दौरान सहमति नहीं बन पाई और चौकी के बाहर मौजूद लोगों का विरोध और तेज हो गया।
प्रदर्शनकारियों की बढ़ती संख्या और तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन वंशिका लाम्बा को चौकी से सुरक्षित बाहर निकाल दिया। इसके बाद भी लोग देर रात तक चौकी के बाहर डटे रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में उचित कानूनी कार्रवाई नहीं की जाती, उनका विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन देर रात करीब एक बजे तक चलता रहा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।