समर न्यूज | चंडीगढ़
पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं और दिवाली पर हुई आतिशबाजी ने वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर कर दी है। राज्य में इस सीजन खेतों में आग लगाने के कुल मामले बढ़कर 4,459 हो गए हैं। दिवाली के दिन आठ नवंबर को ही पराली जलाने की 1,152 घटनाएं दर्ज की गईं। यह इस सीजन में एक दिन में सामने आई सबसे बड़ी संख्या है। पिछले 24 घंटों में घटनाओं में करीब 34.8 फीसदी की वृद्धि हुई है। चिंता की बात यह है कि राज्य में धान की 91 फीसदी से अधिक कटाई पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद खेतों में आग लगाने का सिलसिला जारी है।
आंकड़ों के अनुसार, तरनतारन जिले में सबसे अधिक 654 घटनाएं दर्ज की गई हैं। फिरोजपुर 592 मामलों के साथ दूसरे और संगरूर 488 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर है। बठिंडा में 406, पटियाला में 288 और अमृतसर में 247 घटनाएं सामने आई हैं। आठ नवंबर को संगरूर में सबसे अधिक 194, फिरोजपुर में 157 और बठिंडा में 132 खेतों में आग लगने की घटनाएं दर्ज की गईं। प्रशासन की कार्रवाई के तहत पराली जलाने के 1,228 मामलों में 62.55 लाख रुपये का पर्यावरणीय मुआवजा लगाया गया है। हालांकि, अब तक केवल 32.60 लाख रुपये ही वसूले जा सके हैं। अधिकारियों के सामने खेतों में आग लगाने की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की चुनौती बनी हुई है।