समर न्यूज | नई दिल्ली/चंडीगढ़
दिवाली के बाद आतिशबाजी के धुएं ने देश के कई शहरों की हवा जहरीली कर दी है। सोमवार सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई 400 के पार दर्ज किया गया। जहांगीरपुरी में यह 433, चांदनी चौक में 418 और मुंडका में 417 रहा। पटपड़गंज में 418 और आईटीओ में 406 दर्ज किया गया। धुंध और धुएं के कारण सुबह दृश्यता भी प्रभावित हुई। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक्यूआई 500 के पार पहुंचने की खबर है। लखनऊ और गोरखपुर समेत कई शहरों में भी हवा की स्थिति चिंताजनक रही। नोएडा, गाजियाबाद और अन्य एनसीआर क्षेत्रों में भी प्रदूषण बढ़ा है। दिल्ली में पहले से लागू ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण के प्रतिबंधों के बावजूद आतिशबाजी के बाद प्रदूषण में तेज वृद्धि दर्ज की गई। पंजाब में भी दिवाली के बाद हवा की गुणवत्ता में तेज गिरावट आई है। मंडी गोबिंदगढ़ में रविवार को एक्यूआई 445 तक पहुंच गया था, जो गंभीर श्रेणी में आता है। सोमवार सुबह आठ बजे यह 382 दर्ज किया गया। जालंधर में 327 और लुधियाना में 306 एक्यूआई रहा। अमृतसर में 244, पटियाला में 201 और खन्ना में 274 दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में एक्यूआई 134 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है। पंचकूला में अंतरराष्ट्रीय वायु गुणवत्ता निगरानी के अमेरिकी पैमाने पर 158 का स्तर दर्ज किया गया।
उत्तर भारत में मौसम का बदला मिजाज
उत्तर प्रदेश के कई शहरों में ठंड और कोहरे का असर बढ़ने लगा है। 15 से अधिक शहरों में सुबह घना कोहरा छाया रहा और कई स्थानों पर रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर समेत 14 शहरों में भी रात का तापमान 14 डिग्री से कम रहा। इसके विपरीत राजस्थान में गर्मी का असर बरकरार है। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस व हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को प्रदूषित हवा में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। आतिशबाजी के अलावा वाहनों का धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और पराली जलाना भी प्रदूषण बढ़ने के प्रमुख कारण हैं।