एजेंसी | लाहौर
पाकिस्तान के लाहौर में सिख समुदाय के लिए ऐतिहासिक महत्व रखने वाला गुरुद्वारा छेवीं पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब 79 साल बाद रविवार को श्रद्धालुओं के लिए फिर खोल दिया गया। भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान 1947 में बंद हुआ यह गुरुद्वारा अब जीर्णोद्धार के बाद दोबारा धार्मिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। टेंपल रोड के मोजांग इलाके में स्थित इस ऐतिहासिक स्थल पर सिख परंपराओं के अनुसार उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया।
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष सरदार रमेश सिंह अरोड़ा ने समारोह में कहा कि गुरुद्वारे का जीर्णोद्धार पूरा हो चुका है। पाकिस्तान के इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड के सचिव नासिर मुश्ताक सहित कई अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे। अरोड़ा ने बताया कि पाकिस्तान में सिख धार्मिक विरासत को सुरक्षित रखने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 50 से अधिक गुरुद्वारों का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है।
{गुरु हरगोबिंद साहिब से जुड़ा है इतिहास…
यह गुरुद्वारा सिखों के छठे गुरु श्री गुरु हरगोबिंद साहिब की लाहौर यात्रा से जुड़ा हुआ है। सिख ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, गुरु हरगोबिंद साहिब लाहौर में अपने श्रद्धालु भाई जीवन के घर तीन दिन तक ठहरे थे। गुरु के आगमन से अभिभूत होकर भाई जीवन ने अपने घर को गुरुद्वारे में परिवर्तित कर दिया था। यह स्थान भाई बिधि चंद से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं के लिए भी जाना जाता है। उन्होंने मुगल गवर्नर के कब्जे से गुरु के लिए भेंट किए गए घोड़ों को वापस लाने के लिए दो बार लाहौर की यात्रा की थी।