Summer express, पानीपत। हरियाणा के पानीपत जिले के किला थाना क्षेत्र के एक गांव में महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। पति ने गांव के ही एक कथित तांत्रिक पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। पति का दावा है कि आरोपी अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी पत्नी को घर से ले गया और इस दौरान घर में रखे चांदी के गहने, नकदी और कपड़े भी गायब हो गए। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के अपनी मर्जी से घर छोड़कर जाने की बात सामने आई है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, गांव का ही एक युवक तांत्रिक विद्या करने का काम करता है। आरोप है कि पिछले करीब दो महीनों से वह पति की गैरमौजूदगी में उसके घर आता-जाता था और उसकी पत्नी को अपने प्रभाव में लेने की कोशिश कर रहा था। पति ने कई बार इस पर आपत्ति जताई और पत्नी को भी समझाया, लेकिन कथित तौर पर युवक का घर आना-जाना जारी रहा।
पति ने शिकायत में बताया कि कुछ समय पहले उसने तांत्रिक को अपने घर में देखा और इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने पुलिस या किसी अन्य जगह शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पीड़ित के मुताबिक, दोपहर करीब 12 बजे वह धान बेचने के लिए अनाज मंडी गया था। इस दौरान उसने पत्नी से फोन पर संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। रात करीब 9 बजे जब वह घर लौटा तो पत्नी वहां नहीं मिली। कमरे में रखे संदूक का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर संदूक में रखी दो जोड़ी चांदी की पाजेब, चार जोड़ी चांदी की अंगूठियां, चार जोड़ी चांदी की चुटकियां (बिछिया), 10 जोड़ी कपड़े और करीब 32 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
पति ने आरोप लगाया कि कथित तांत्रिक अपने दो साथियों के साथ मिलकर उसकी पत्नी और घर का कीमती सामान लेकर फरार हो गया है। शिकायत मिलने के बाद किला थाना पुलिस की टीम गांव पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी मनोज कुमार के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि महिला अपने बीमार पिता का हालचाल जानने की बात कहकर घर से निकली थी। पुलिस को अब तक ऐसे ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं, जिनसे यह साबित हो कि महिला को किसी ने बहला-फुसलाकर या जबरन अपने साथ ले गया है। शुरुआती जांच में महिला के अपनी मर्जी से घर छोड़ने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने पति की शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि महिला के मिलने और उसके बयान दर्ज होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।