समर न्यूज | डेराबस्सी
आम आदमी पार्टी की ओर से मुनीर हसन को मोहाली मुस्लिम डेवलपमेंट बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के अवसर पर डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और नगर परिषद डेराबस्सी के प्रधान आशु उपनेजा ने मुनीर हसन को सम्मानित कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डेराबस्सी मुस्लिम वेलफेयर कमेटी के वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे। विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुनीर हसन अपनी नई जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगे तथा समुदाय के कल्याण और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। नगर परिषद डेराबस्सी के प्रधान आशु उपनेजा ने कहा कि समाज सेवा के प्रति समर्पित व्यक्तियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने से जनहित के कार्यों को नई दिशा मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुनीर हसन की सक्रिय भागीदारी से लोगों की समस्याओं को उचित मंच पर उठाने और उनके समाधान के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।