Summer express, रेवाड़ी। यादव कल्याण सभा रेवाड़ी के वार्षिकोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियों को लेकर प्रधान रामबीर यादव की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई और विभिन्न कमेटियों से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली गई। समारोह के दौरान शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
सभा प्रवक्ता के अनुसार, प्रतिभा सम्मान के लिए योग्य लोगों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है। बैठक में प्रधान रामबीर यादव ने सभी कमेटियों और कार्यकारिणी सदस्यों से अपील की कि जिन क्षेत्रों से अभी तक कम आवेदन प्राप्त हुए हैं, वहां अधिक से अधिक योग्य प्रतिभाओं के नाम सामने लाने के लिए प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सम्मान से वंचित न रहे।
इससे पहले श्रीकृष्ण भवन में सभा की ओर से साप्ताहिक स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 36 मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। सभा प्रवक्ता प्रो. सतीश यादव ने बताया कि शिविर में डॉ. एसपी यादव, डॉ. आत्म प्रकाश यादव, डॉ. गौरव यादव, डॉ. प्रीति यादव, डॉ. मनीष यादव और डॉ. सुमन यादव सहित अन्य चिकित्सकों ने ओपीडी सेवाएं प्रदान कीं।
वहीं, लेफ्टिनेंट पूर्ण सिंह यादव ने मरीजों को फिजियोथेरेपी से संबंधित निशुल्क परामर्श दिया, जबकि राजेश यादव ने दवाइयों का वितरण किया। शिविर के दौरान उपस्थित लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं और सभा की गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव भी रखे। इस अवसर पर जसवंत सिंह यादव, प्रो. आरएस यादव, कमांडेंट आरके यादव, डॉ. एलएस यादव, डॉ. आरके यादव और रायसिंह यादव सहित सभा के अन्य सदस्य मौजूद रहे।