Summer express, सोलन (भूपेंद्र ठाकुर)। कालका-शिमला नेशनल हाईवे पर मंगलवार तड़के एक सड़क हादसे में तीन खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। राधा स्वामी सत्संग मैदान के समीप एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इसकी चपेट में पास की पार्किंग में खड़ी तीन अन्य गाड़ियां भी आ गईं और उन्हें काफी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिसके चलते ट्रक सड़क किनारे बने डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद आसपास पार्किंग में खड़ी तीन गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सुबह के समय अचानक हुई इस घटना से इलाके में हलचल मच गई।
राहत की बात यह रही कि हादसा तड़के उस समय हुआ, जब सड़क पर वाहनों और लोगों की आवाजाही काफी कम थी। ऐसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल दुर्घटना में किसी के घायल होने की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ट्रक के अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई।