हरियाणा | हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में हुए एक कार्यक्रम के दौरान सरकार द्वारा बैन किए गए गाने गाने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद कार्रवाई की पुष्टि की है।
बता दें कि यह इवेंट पहले ही एक छात्र की संदिग्ध मौत के चलते विवादों में रहा है। यूनिवर्सिटी के सेकंड ईयर स्टूडेंट आदित्य ठाकुर की उसी शो के दौरान पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। इस घटना का वीडियो वायरल होते ही कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था और आयोजकों की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे।
सरकार की नजर गन कल्चर वाले गानों पर
हरियाणा सरकार ने हाल ही में गन कल्चर, गैंगस्टर छवि और आपराधिक प्रवृत्ति को बढ़ावा देने वाले गानों पर कड़ी कार्रवाई शुरू की है। सरकार अब तक 30 से ज्यादा गानों पर बैन लगा चुकी है, जिनमें सबसे अधिक—करीब 10 गाने—मासूम शर्मा के बताए जा रहे हैं। इसी वजह से वह लगातार विवादों में बने हुए हैं।
इस ताजा मामले ने न सिर्फ मासूम शर्मा की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, बल्कि यूनिवर्सिटी कैंपस में सुरक्षा और गानों की सेंसरशिप पर भी नई बहस छेड़ दी है।