बिहार | बिहार के नवादा जिले में दिनदहाड़े हुई एक छात्र की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। 22 वर्षीय सचिन कुमार, जो बिहार पुलिस की परीक्षा देने के लिए सासाराम जा रहा था, उसे रास्ते में बदमाशों ने गोली मार दी। यह वारदात नवादा नगर के मिर्जापुर मोहल्ले में हुई।
जानकारी के मुताबिक, सचिन नवादा जिले के कौआकोल थाना क्षेत्र के डोमनबाग गांव का रहने वाला था और मंगलवार सुबह अपने गांव से परीक्षा देने के लिए निकला था। मिर्जापुर इलाके में अपने किसी दोस्त से मिलने के लिए रुका था, तभी अज्ञात बदमाशों ने उसे गोली मार दी। घटनास्थल से पुलिस को सचिन का बैग और गोली का खोखा मिला है।
हत्या की वजह अभी साफ नहीं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में तनाव बना हुआ है और लोगों में दहशत का माहौल है।