पंजाब | पंजाब के लोगों के लिए चिंता बढ़ाने वाली खबर है। होशियारपुर-दसूहा के पास पोंग डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (BBMB) ने शाहर नहर बैराज के चार फ्लड गेट दो-दो फुट खोल दिए हैं और 18,500 क्यूसिक पानी ब्यास दरिया में छोड़ा गया है।
पिछले दो दिनों में जलस्तर 6 फुट बढ़कर 1366.68 फुट तक पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से सिर्फ 13 फुट नीचे है। पोंग डैम की अधिकतम जलधारण क्षमता 1410 फुट है। यदि बारिश जारी रही, तो और भी फ्लड गेट खोले जा सकते हैं।
हिमाचल और पंजाब में लगातार बारिश के कारण डैम में पानी की आमद तेज़ हो गई है। शुक्रवार सुबह 6 बजे तक डैम में 87,586 क्यूसिक पानी आ रहा था, जबकि टरबाइनों के जरिए सिर्फ 18,995 क्यूसिक पानी छोड़ा गया।
इस स्थिति को देखते हुए BBMB ने पंजाब और हिमाचल के डीसी, एसडीएम और अन्य अधिकारियों को पत्र भेजकर अलर्ट रहने को कहा है। प्रशासन ने लोगों से डैम और शाहर नहर के आसपास न जाने की अपील की है। भविष्य में खतरा और बढ़ सकता है, इसलिए ब्यास किनारे बसे लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।