Summer express, यमुनानगर। पंचकूला-सहारनपुर हाईवे पर रुहला खेड़ी गांव के पास बुधवार सुबह खेतों में पानी की डोल से करीब 30 से 32 वर्षीय युवती का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवती के शरीर पर केवल अंतःवस्त्र थे, जबकि आसपास उसके अन्य कपड़े नहीं मिले। उसके गले में मंगलसूत्र और पैरों में पाजेब मिली है। माथे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं।
शव मिलने की सूचना के बाद डीएसपी राजीव मिगलानी के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। जगाधरी थाना पुलिस और सीआईए की टीमों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि युवती की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां लाकर फेंका गया हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
डीएसपी राजीव मिगलानी ने बताया कि बरामद शव करीब दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती के माथे पर चोट का निशान मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जगाधरी सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा, जिसके बाद मौत के वास्तविक कारण और शरीर पर लगी चोटों की प्रकृति के बारे में स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से युवती की पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज या अन्य महत्वपूर्ण वस्तु बरामद नहीं हुई है। ऐसे में उसकी पहचान करना पुलिस के लिए प्राथमिक चुनौती बनी हुई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है, ताकि पिछले कुछ दिनों में लापता हुई किसी युवती से शव की पहचान का मिलान किया जा सके।
इसके अलावा पुलिस आसपास के गांवों और क्षेत्रों में भी पूछताछ कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि युवती की पहचान, उसकी मौत की परिस्थितियों और मामले में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका के बारे में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट तथा जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।