बरनाला | पंजाब के बरनाला जिले में शनिवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। धनौला के पुराने हनुमान मंदिर में लंगर की तैयारी के दौरान अचानक विस्फोट हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद लंगर वाले हिस्से में आग भड़क गई, जिसमें 16 लोग झुलस गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाके के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए लंगर तैयार किया जा रहा था। आग की चपेट में आने से कई महिलाएं और बच्चे भी घायल हो गए। इनमें से छह की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार देने के बाद फरीदकोट और चंडीगढ़ के अस्पतालों में रेफर कर दिया गया है।
घटना के कारणों की जांच जारी है, वहीं स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और राहत कार्य शुरू किया।