Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश में फिलहाल बारिश से राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 8 और 9 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश में 12 अगस्त तक मौसम खराब बना रह सकता है।
विभाग के अनुसार, अगस्त महीने में अब तक राज्य में 34 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जबकि पूरे मानसून सीजन में अब तक 12 प्रतिशत अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है।
किन क्षेत्रों में अधिक असर?
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि 8 अगस्त से प्रदेश में मौसम की तीव्रता फिर से बढ़ सकती है। 8 और 9 अगस्त को ऊना, चंबा, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके अतिरिक्त शिमला, सोलन और सिरमौर में धुंध और कम विजिबिलिटी की स्थिति बन सकती है।
सावधानी बरतने की अपील
IMD ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बंद होने जैसी घटनाओं की आशंका भी जताई गई है।
संदीप कुमार शर्मा, मौसम वैज्ञानिक, IMD शिमला
“अगस्त में अब तक प्रदेश में सामान्य से 34% ज्यादा बारिश हुई है। 8 और 9 अगस्त को फिर से बारिश तेज होने की संभावना है, खासतौर पर कुछ जिलों में। लोगों से अनुरोध है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें।”