झारखंड | झारखंड के चाईबासा जिले में नक्सलियों ने शुक्रवार को फिर से सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। सारंडा जंगल के दीघा इलाके में कोबरा बटालियन के जवानों पर किए गए आईईडी विस्फोट में दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों ने इलाके में पहले से ही आईईडी बिछा रखा था। जब कोबरा जवान नियमित गश्त पर निकले, तो वे जोरदार धमाके की चपेट में आ गए। विस्फोट इतना भयंकर था कि आसपास का इलाका दहल उठा और धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी।
घटना के बाद साथी जवानों ने तेजी से मोर्चा संभाला और घायल साथियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक इलाज मुहैया कराया। घायल जवानों को एयरलिफ्ट कर रांची ले जाने की तैयारी चल रही है, जहां उनका बेहतर इलाज होगा।
सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है और नक्सलियों की मौजूदगी के संदेह वाले इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। सारंडा जंगल को नक्सलियों का गढ़ माना जाता है, जहां पहले भी सुरक्षाबलों पर हमले हो चुके हैं।
फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था और भी सुदृढ़ की जाएगी।