अजनाला | अजनाला शहर में देर रात हत्या की भयावह वारदात ने माहौल गमगीन कर दिया। मेडिकल स्टोर के मालिक तरनजीत सिंह पर दो नकाबपोश हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनकी हत्या कर दी। घटना तब हुई जब तरनजीत अपने मेडिकल स्टोर से घर लौट रहे थे। गोलीबारी के बाद पुलिस ने मौके से पांच खाली खोखे बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक के भाई करमजीत सिंह ने बताया कि लगभग एक साल पहले उन्हें फोन पर धमकी मिली थी, जिसकी शिकायत पुलिस को भी की गई थी। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारी हरचंद सिंह ने कहा कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा।