मुलाना | कालपी में देर रात शराब के ठेके पर हुई दिल दहला देने वाली वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। ठेके पर काम करने वाले 25 वर्षीय युवक विकास पर एक नकाबपोश हमलावर ने आधी रात करीब 2 बजे कस्सी से ताबड़तोड़ पांच वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमला करने के बाद आरोपी गल्ले से करीब 30 हजार रुपये नकदी लूटकर अंधेरे में फरार हो गया। पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, हालांकि हमलावर ने चेहरा पॉलिथिन से ढक रखा था।
ठेकेदार अश्विनी वाई कुमार के अनुसार, वारदात के वक्त विकास ठेके के भीतर सो रहा था। आरोपी पिछला रास्ता इस्तेमाल कर अंदर घुसा और सीधा सो रहे विकास पर हमला बोल दिया। लहूलुहान करने के बाद वह काउंटर से नकदी निकालकर फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल विकास को तुरंत मुलाना मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए वेंटिलेटर पर रखा है।
मुलाना थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा।