Mandi, Dharamveer
कारगिल हीरो और मंडी संसदीय सीट से पूर्व भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नीतिन गडकरी को पत्र लिखकर टकोली टोल प्लाज़ा को अस्थायी रूप से बंद करने की मांग की है। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, मंडी जिला प्रशासन और एनएचएआई अधिकारियों को भी भेजी है।
ब्रिगेडियर ठाकुर ने डीसी मंडी से अपनी शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए टोल बंद करने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इस बार की प्राकृतिक आपदा वर्ष 2023 से भी बड़ी है। 2023 में भी ऐसी स्थिति में तत्कालीन डीसी ने टोल प्लाज़ा को अस्थायी रूप से बंद किया था, इसलिए इस बार भी संवेदनशील निर्णय लिया जाना चाहिए।
जब सड़क की हालत खराब है तो टोल क्यों?
ब्रिगेडियर ठाकुर के अनुसार मंडी से कुल्लू तक हाईवे पर सफर करना किसी जोखिम भरी चुनौती से कम नहीं है। जगह-जगह सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हैं, कई घंटों तक लोग जाम में फंस रहे हैं, और फल-सब्जी लाने वाले वाहनों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस हालत में टोल वसूलना अनुचित है और लोगों में गहरा आक्रोश है।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द फैसला नहीं लिया गया तो लोग सड़कों पर उतरकर विरोध करने को मजबूर होंगे.