नई दिल्ली | गोल्ड-चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव से बाजार में हलचल है। दो दिन की गिरावट के बाद बुधवार (13 अगस्त) को सोने की कीमतों में मामूली तेजी दर्ज की गई। खबर लिखे जाने तक MCX पर सोना ₹1,00,190 प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा, जबकि चांदी में 0.54% की बढ़त के साथ कीमत ₹1,14,349 प्रति किलोग्राम रही।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 99.9% शुद्धता वाला सोना ₹1,000 टूटकर ₹1,01,520 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। 99.5% शुद्धता वाला सोना ₹1,01,100 प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर रहा। वहीं, चांदी में भी मंगलवार को ₹2,000 की गिरावट आई और यह ₹1,12,000 प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।
विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान कि सोने के आयात पर कोई शुल्क नहीं लगेगा, से कीमतों में गिरावट आई है। हालांकि व्हाइट हाउस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है, लेकिन इस खबर से अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर बनी चिंताएं कुछ हद तक कम हुई हैं।