अंबाला | गोगाजी धाम बागड़ जाने वाले भक्तजनों के लिए अब यात्रा और आसान हो गई है। परिवहन विभाग अंबाला ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दो स्पेशल बसें चलाई हैं। इनमें एक बस बराड़ा से और दूसरी बस सीधे बागड़ से रवाना होगी।
बराड़ा से चलने वाली बस सुबह 8 बजे रवाना होगी। यह बस करीब साढ़े छह घंटे का सफर तय करते हुए अंबाला छावनी, अंबाला सिटी, कैथल और हिसार से होकर गोगाजी धाम पहुंचेगी। वहीं, दूसरी बस बागड़ से श्रद्धालुओं को लेकर रवाना होगी।
किराया इतना तय
बराड़ा से गोगाजी धाम का किराया 355 रुपये, अंबाला छावनी से 320 रुपये और अंबाला सिटी से 310 रुपये रखा गया है।
मेले में लाखों की भीड़
हर साल सावन और भाद्रपद में गोगाजी धाम बागड़ में विशाल मेला आयोजित होता है, जिसमें अंबाला सहित आसपास के जिलों से हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। पहले सीधी बस सेवा न होने के कारण श्रद्धालुओं को कुरुक्षेत्र या कैथल से बस पकड़नी पड़ती थी, जिससे उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती थी।
स्वागत में उमड़ी भीड़
मंगलवार को बराड़ा बस अड्डे से इस नई बस सेवा की शुरुआत की गई। इस मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने बस चालक रविंद्र पाल सिंह और परिचालक अश्वनी कुमार का फूलमालाओं से स्वागत किया। अब श्रद्धालु गोगा जी महाराज के दर्शन करने के लिए सीधी रोडवेज बस से आसानी से यात्रा कर सकेंगे।