Mandi, 24 August
जिला मुख्यालय मंडी से लगभग चार किलोमीटर दूर बिंद्रावणी के पास रविवार सुबह ब्यास नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच सुबह करीब साढ़े 9 बजे स्थानीय लोगों ने पत्थरों के बीच शव फंसा देखा और तुरंत इसकी सूचना वार्ड पार्षद राजेंद्र मोहन को दी।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव पानी से काफी फूल चुका था और लंबे समय से नदी में फंसा प्रतीत हो रहा है। शव को निकालने में पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव की शिनाख्त के लिए उसे जोनल अस्पताल मंडी भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।