हरियाणा | हरियाणा से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने भाजपा नेता और जांगिड़ समाज के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी, साथ ही भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश सचिव रहे धीरज शर्मा को शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर 36.18 लाख रुपये की ठगी कर ली।
जानकारी के मुताबिक, धीरज शर्मा ने सोशल मीडिया पर शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा विज्ञापन देखा था। इसके बाद 19 जुलाई को एक व्यक्ति ने व्हॉट्सएप पर संपर्क किया और खुद को शेयर बाजार का ब्रोकर बताते हुए उन्हें निवेश का ऑफर दिया।
ठगों ने शुरुआत में लुभावने ऑफर देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे जमा करवाए और वर्चुअल प्लेटफॉर्म पर करीब चार करोड़ रुपये का मुनाफा दिखाया। धोखाधड़ी का अंदाजा तब हुआ जब धीरज ने 45 लाख रुपये निकालने की कोशिश की, लेकिन रकम ट्रांसफर नहीं हुई।
ब्रोकर ने उन्हें झांसा देते हुए कहा कि पहले 35 लाख रुपये टैक्स के नाम पर जमा करवाने होंगे, तभी पैसे रिलीज किए जाएंगे। इस पर धीरज शर्मा को ठगी का शक हुआ और उन्होंने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।