26 August, 2025
बिग बॉस 19 की शुरुआत हो चुकी है और इस बार शो में 16 कंटेस्टेंट्स ने घर में एंट्री ली है। इनमें सोशल मीडिया की मशहूर जोड़ी अवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर भी शामिल हैं। दोनों को फैंस काफी पसंद करते हैं, लेकिन अवेज़ ने हाल ही में शो में अपने बीते वक्त और रिश्तों के बारे में कुछ ऐसी बातें साझा कीं, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते थे।
शो में बातचीत के दौरान, अवेज़ ने बताया कि वह और नगमा पिछले 8-9 सालों से साथ हैं, लेकिन शुरू में उन्होंने कभी रिश्ते को ‘डेटिंग’ का नाम नहीं दिया। उन्होंने स्वीकार किया कि बचपन में माता-पिता के अलगाव और घर की बहसों का असर उन पर गहरा पड़ा। अवेज़ ने कहा—
“जब मेरे मम्मी-पापा अलग हुए, तब मैंने बचपन में बहुत झगड़े देखे। उस वक्त अक्सर किसी की गलती नहीं होती, लेकिन कोई सुनना ही नहीं चाहता। यही वजह रही कि मुझे रिश्तों में कदम रखने से डर लगता था।”अवेज़ ने यह भी खुलासा किया कि एक बार जब उन्होंने किसी को पसंद किया और रिश्ते में पूरी ईमानदारी से जुड़े, तब उनकी पूर्व प्रेमिका ने उन्हें दोस्तों के साथ मिलकर धोखा दिया। उन्होंने कहा—
“मैंने सोचा था अगर मैं अपना 100% दूं तो सब ठीक रहेगा, लेकिन फिर उन्होंने मेरे ही दोस्तों के साथ रिश्ता बना लिया। तब से मेरा मन रिश्तों से हट गया।”
हालाँकि, इन कड़वे अनुभवों के बावजूद अवेज़ ने प्यार को दूसरा मौका दिया। अब वह नगमा मिराजकर के साथ रिलेशनशिप में हैं और दोनों बिग बॉस 19 के घर में दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं।