26 August, 2025
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने इंडस्ट्री में अपने शानदार 37 साल पूरे कर लिए हैं। सलमान ने 1988 में फिल्म बीवी हो तो ऐसी से सह-कलाकार के रूप में डेब्यू किया था, लेकिन 1989 में आई सूरज बड़जात्या की मैंने प्यार किया ने उन्हें रातों-रात नेशनल हार्टथ्रॉब बना दिया। इस फिल्म ने न सिर्फ सलमान बल्कि हिंदी सिनेमा में रोमांटिक ड्रामा की दिशा ही बदल दी।
इसके बाद सलमान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। चाहे हम आपके हैं कौन जैसी फैमिली ड्रामा हो, वांटेड और दबंग जैसी एक्शन ब्लॉकबस्टर हों या बजरंगी भाईजान जैसी इमोशनल कहानी—सलमान ने हर शैली में अपनी खास पहचान बनाई।अपने लंबे करियर में सलमान 100 से ज्यादा फिल्मों में नजर आ चुके हैं और कई अवॉर्ड्स जीत चुके हैं। खास बात यह है कि उनकी ईद पर रिलीज होने वाली फिल्मों का फैंस बेसब्री से इंतजार करते हैं और इन्हें त्योहार की तरह सेलिब्रेट करते हैं। यही वजह है कि उनकी फिल्में अक्सर बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई करती हैं।अब सलमान खान एक नए प्रोजेक्ट से चर्चा में हैं। उनकी आने वाली फिल्म बैटल ऑफ गलवान का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं। यह फिल्म 2020 की गलवान घाटी की जंग पर आधारित है और इसमें बहादुरी, देशभक्ति और जज़्बे की झलक देखने को मिलेगी। फैंस इस फिल्म को लेकर बेहद उत्साहित हैं.