गुड़गांव | साइबर अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि अब उन्होंने पुलिसकर्मियों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला गुड़गांव का है, जहां तैनात एक एएसआई का मोबाइल हैक कर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 1 लाख 43 हजार रुपये उड़ा लिए।
जानकारी के अनुसार, पुलिस लाइन के टावर-ओ में रहने वाले एएसआई शक्ति सिंह ने बताया कि 19 अगस्त को उनके मोबाइल पर लगातार तीन मैसेज आए। जब उन्होंने चेक किया तो पता चला कि उनके खाते से करीब 1.43 लाख रुपये की ट्रांजेक्शन हो चुकी है। शुरुआती जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल हैक कर लिया था।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। यह मामला आगे की कार्रवाई के लिए साइबर थाना वेस्ट को सौंपा गया, जहां पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।