Dharamshala, Rahul
धर्मशाला में साइबर अपराधियों ने एक पूर्व अधिकारी को अपने झांसे में लेकर करोड़ों की ठगी कर डाली। पुलिस और साइबर क्राइम टीम लगातार लोगों को सतर्क रहने की अपील कर रही है, लेकिन इसके बावजूद ठग लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं।
मामला धर्मशाला का है, जहां एक पूर्व अधिकारी को ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा देने का झांसा देकर करीब 29 दिनों में लगभग एक करोड़ रुपये हड़प लिए गए। जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त को पीड़ित को व्हाट्सऐप पर पहला संदेश मिला और 5 अगस्त को उन्होंने 15 हजार रुपये का पहला लेन-देन कर दिया। इसके बाद ठगों ने और अधिक रकम निवेश करने पर भारी मुनाफे का लालच दिया, जिस पर भरोसा करते हुए पूर्व अधिकारी ने करीब 15 बार में पैसे ट्रांसफर किए। आखिरी ट्रांजेक्शन 1 सितंबर को 20 लाख रुपये का हुआ।जब पैसे वापिस नहीं मिले तो पीड़ित ने साइबर थाना धर्मशाला में इसकी शिकायत दर्ज करवाई।
इस संबंध में एएसपी प्रवीण धीमान, साइबर थाना नॉर्थ जोन धर्मशाला ने बताया कि ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर इस तरह के झांसे तेजी से फैल रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर भरोसा न करने की अपील की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।