Chamba, Manjur Pathan
चंबा नगर के हरदासपुरा वार्ड के आदर्श नगर मोहल्ले में भारी बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी है। करीब तीन माह पहले बिछाई गई कंक्रीट और पेवर टाइलें बारिश के कारण उखड़ गईं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि डे-नाली का पानी रेता-बजरी से भर जाने के कारण जाम हो गया, जिससे नालियों का पानी सीधे सड़कों पर बहने लगा और सड़कों को भारी नुकसान पहुंचा।
लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बनाई गई अनाधिकृत डंपिंग साइट इस समस्या की मुख्य वजह बन गई है। अवैध रूप से सामग्री उतारने से नालियों का मार्ग अवरुद्ध हो रहा है, जिससे न केवल मौजूदा नुकसान हो रहा है बल्कि भविष्य में यह किसी बड़ी आपदा का कारण भी बन सकता है।
निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित ठेकेदार को तुरंत मरम्मत के आदेश दिए जाएं और अधूरी सड़कों व नालियों को पक्का करवाया जाए। साथ ही अवैध डंपिंग साइट को बंद कर वहां समिति का आदेश बोर्ड लगाया जाए, ताकि समस्या दोबारा न हो।आदर्श नगर के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में यह स्थिति गंभीर संकट का रूप ले सकती है।