Dharamshala, 8 September
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित हिमाचल दौरे से पहले ही नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर धर्मशाला पहुंचे और मीडिया से मुखातिब हुए। उन्होंने कहा कि मानसून अब समाप्ति की ओर है, मगर लगातार बारिश से प्रदेश का शायद ही कोई इलाका अछूता रहा हो। पिछले तीन वर्षों से हर बार मानसून हिमाचल को भारी तबाही दे रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राहत की उम्मीद जगाता है। उन्होंने आग्रह किया कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री के समक्ष वास्तविक हालात रखे ताकि राज्य को ज़रूरी मदद मिल सके।उन्होंने यह भी कहा कि आपदा को केवल गलत विकास से जोड़ना उचित नहीं है, क्योंकि कई स्थानों पर जहां कोई बड़ी परियोजना नहीं बनी वहां भी ज़मीन धंस रही है और घर ढह रहे हैं। ऐसे समय में राजनीति से ऊपर उठकर मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
जयराम ठाकुर ने सदन में इस साल को राज्य आपदा घोषित करने पर सरकार का समर्थन करने की बात भी दोहराई। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा अब तक हिमाचल को 5,500 करोड़ रुपये तक का राहत पैकेज देने की जानकारी दी और आरोप लगाया कि राज्य सरकार अभी तक इसका पूर्ण उपयोग नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि पिछले साल घोषित 4,500 करोड़ रुपये पैकेज का भी कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है।