Mandi, Dharamveer
मंडी जिला के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में सोमवार सुबह अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कॉलेज प्रशासन को ईमेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।
खबर मिलते ही पुलिस दल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल और कॉलेज परिसर को खाली करवाकर विस्तृत जांच की गई।
डीएसपी हेडक्वार्टर दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र की तलाशी शुरू कर दी गई थी। फिलहाल अभी तक कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ है।गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश सचिवालय, हाईकोर्ट, और डीसी ऑफिस मंडी समेत कई संस्थानों को इसी तरह की धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। हर बार जांच के बाद ये धमकियां झूठी निकलीं, लेकिन पुलिस अभी तक उन लोगों तक नहीं पहुंच सकी है जो लगातार इस तरह का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।