महेंद्रगढ़ | हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में सितंबर माह के लिए गरीब परिवारों के राशन की आपूर्ति में कमी आ गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा डिपो धारकों की मांग और मुख्यालय से भेजे गए आवंटन में अंतर के कारण हजारों परिवारों को पूरा गेहूं नहीं मिल पाएगा।
जिले के 280 डिपो धारकों ने इस माह के लिए कुल 32,134 किलो गेहूं की मांग की थी, लेकिन मुख्यालय से केवल 28,496 किलो गेहूं ही भेजा गया, यानी 3,638 किलो की कमी रह गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, इस कमी से लगभग 3,000 परिवार प्रभावित होंगे।
महेंद्रगढ़ जिले में कुल 1,65,092 बीपीएल और एएवाई कार्ड धारक हैं। बीपीएल कार्डधारकों को प्रति व्यक्ति 5 किलो गेहूं, 1 किलो चीनी और 2 किलो सरसों का तेल मिलता है। वहीं, एएवाई कार्डधारकों को प्रति माह 35 किलो गेहूं, 1 किलो चीनी और 2 किलो तेल दिया जाता है। राशन की कमी के कारण लाभार्थियों को पूरा राशन नहीं मिलेगा, जिससे डिपो पर विवाद की स्थिति बन सकती है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के स्टॉक हेड कुलदीप भारद्वाज ने बताया कि विभाग ने मांग के अनुसार गेहूं की आपूर्ति शुरू कर दी थी, लेकिन मुख्यालय से आवंटन कम होने के कारण समस्या आई। विभाग ने अतिरिक्त गेहूं की मांग मुख्यालय को भेज दी है और जल्द ही गरीब परिवारों को राहत देने के प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में जिले में 28,495 किलो गेहूं वितरित किया जाएगा।