पटना | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे राज्य को कई विकासपरक परियोजनाओं की सौगात देंगे। बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री पूर्णिया हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे और साथ ही कई अन्य परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी इस मौके पर पूर्णिया में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां हजारों की भीड़ जुटने की संभावना है। जायसवाल ने बताया कि इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी बिहार दौरे पर आएंगे। शाह 18 और 27 सितंबर को अलग-अलग जिलों का दौरा करेंगे और विधानसभा चुनाव की रणनीति पर पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे।
भाजपा ने चुनावी तैयारियों को मजबूती देने के लिए बिहार को पांच क्षेत्रों में बांटा है। अमित शाह आने वाले दिनों में इन सभी क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी के चुनावी अभियान की रूपरेखा तय करेंगे।
गौरतलब है कि इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा लगातार एक्टिव मोड में है। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेता पिछले कुछ महीनों से राज्य का लगातार दौरा कर रहे हैं, ताकि चुनाव से पहले पार्टी की पकड़ को और मज़बूत किया जा सके।