चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने जेलों में बंद कैदियों को बड़ी राहत दी है। राज्य सरकार ने कैदियों को मिलने वाली दैनिक मजदूरी में 40 फीसदी तक की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है। इसके साथ ही अब स्किल्ड कैदी को 100 रुपये, सेमी स्किल्ड कैदी को 90 रुपये और अनस्किल्ड कैदी को 80 रुपये प्रतिदिन मिलेंगे।
पहले स्किल्ड कैदियों को 60 रुपये, सेमी स्किल्ड को 50 रुपये और अनस्किल्ड कैदियों को 40 रुपये रोजाना दिया जाता था। यानी मजदूरी में 35 से 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है।
सरकार ने यह भी तय किया है कि कैदियों की मजदूरी में हर साल 1 जनवरी से महंगाई भत्ते (DA) की नई दर के अनुसार स्वत: बढ़ोतरी की जाएगी। वित्त विभाग ने भी इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। मजदूरी दरों को भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय द्वारा जारी CPI-IW इंडेक्स (जनवरी 2023) के आधार पर तय किया गया है।
जेल महानिदेशक आलोक कुमार राय ने कहा कि अब राज्य की कई जेलों में आईटीआई और तकनीकी शिक्षा के कोर्स शुरू किए गए हैं। उनका लक्ष्य है कि कैदियों को विभिन्न प्रशिक्षण देकर स्किल्ड बनाया जाए, ताकि जेल से बाहर आने के बाद वे अपने दम पर सम्मानजनक जीवन-यापन कर सकें।