Kaithal, 14 September
कैथल के ढांड की अनाज मंडी में आयोजित कांग्रेस के न्याय अधिकार सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने हरियाणा और पंजाब के मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान कॉमेडी शो चला रहे हैं।
सुरजेवाला ने तंज कसते हुए कहा, “सुबह तैयार होकर शीशे के सामने डांस करते हैं और हेलिकॉप्टर में बैठ जाते हैं। शाम को नीचे आकर चुटकुले सुना देते हैं। लेकिन मुख्यमंत्री का काम कॉमेडी शो करना नहीं होता। सीएम का व्यक्तित्व गंभीर होना चाहिए, जो देश और जनता की सेवा के लिए बनता है।
भारत-पाक क्रिकेट मैच पर केंद्र सरकार को घेरा
इसके साथ ही सुरजेवाला ने केंद्र सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत सरकार ने पाकिस्तान के सामने घुटने टेक दिए हैं। क्या मजबूरी है कि हमें पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना पड़ रहा है?उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP से सवाल किया कि “क्रिकेट का मैच और भारतीयों का खून साथ-साथ कैसे चल सकता है? भारतीयों का बलिदान और क्रिकेट का सम्मान साथ-साथ नहीं चल सकते।”
सुरजेवाला ने मांग की कि प्रधानमंत्री तुरंत संज्ञान लेकर भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच रद्द करवाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि BCCI और अमित शाह के बेटे जय शाह पैसा कमाने के लिए मैच करा रहे हैं।यह बयान सुरजेवाला ने कैथल जिले के ढांड कस्बे की अनाज मंडी में सम्मेलन के दौरान पत्रकार वार्ता में दिया।