Ambala, 15 September
अंबाला में एक बार फिर से बारिश का अलर्ट जारी कर दिया गया है। पहले ही बाढ़ की मार झेल चुके लोग अब दहशत में हैं। लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी और कारोबार पर इसका गहरा असर पड़ा है। त्यौहारी सीजन नज़दीक है और अगर अब बारिश होती है तो दुकानदारों और कारोबारियों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ सकता है। इसी वजह से लोग हाथ जोड़कर भगवान से दुआ कर रहे हैं कि अब और बारिश न हो।
पिछले दिनों हुई बारिश ने न सिर्फ पहाड़ी क्षेत्रों में तबाही मचाई बल्कि अंबाला जैसे मैदानी इलाकों को भी प्रभावित किया। नदियों और नालों में आई बाढ़ से चारों तरफ हाहाकार मच गया। अब मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसे लेकर स्थानीय लोगों के मन में डर साफ झलक रहा है। पहले ही नुकसान झेल चुके लोग अब चाहते हैं कि मौसम मेहरबान रहे ताकि कारोबार और ज़िंदगी पटरी पर लौट सके।