Shimla, Sanju
प्रदेश में लगातार बारिश के कारण कई जिलों में सड़कें बंद पड़ी हैं, जिससे किसानों और बागवानों को भारी दिक़्क़तों का सामना करना पड़ रहा है। सेब और सब्ज़ियों जैसी फसलें मंडियों तक नहीं पहुंच पा रही हैं और मेहनत की कमाई बर्बाद होने के कगार पर है।
प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल ने आरोप लगाया कि सरकार इस गंभीर समस्या से निपटने की बजाय हर मुद्दे पर केंद्र सरकार पर दोषारोपण कर रही है। उनका कहना है कि एनएचएआई और अन्य एजेंसियां राष्ट्रीय राजमार्गों और फोरलेन पर लगातार काम कर रही हैं, लेकिन प्रदेश सरकार के अधीन आने वाले स्टेट हाईवे, मेजर डिस्ट्रिक्ट रोड और लिंक रोड अब तक बहाल नहीं हो पाए हैं।
राकेश जम्वाल ने कहा कि किसानों और बागवानों की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय सरकार केवल राजनीतिक नियुक्तियों और बयानबाज़ी में उलझी हुई है। जम्वाल ने यह भी आरोप लगाया कि 2023 की बरसात में महीनों तक सड़कें बंद रहीं और आज भी कई सड़कें पूरी तरह से नहीं खुल पाई हैं।उन्होंने मांग की कि प्रदेश सरकार तुरंत प्रभाव से बंद सड़कों को बहाल करे ताकि फसलें समय पर मंडियों तक पहुंच सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार हरसंभव मदद कर रही है, लेकिन प्रदेश सरकार को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए.